वैशाली समाहरणालय में निगरानी का बड़ा एक्शन, 2 हजार रुपये रिश्वत लेते लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार


बिहार के वैशाली जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने हाजीपुर अनुमंडल कार्यालय में तैनात एक लिपिक को दो हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद समाहरणालय परिसर में हड़कंप मच गया।
मामला लालगंज प्रखंड के लक्ष्मीनारायणपुर के जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदार किशन कुमार से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, एसडीएम द्वारा जांच के बाद उनकी पीडीएस दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया था। बाद में न्यायालय के आदेश से लाइसेंस बहाल हो गया। आरोप है कि बहाली से संबंधित फाइल आगे बढ़ाने के लिए अनुमंडल आपूर्ति कार्यालय के लिपिक सुमन सौरभ ने दो हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

परेशान दुकानदार किशन कुमार ने रिश्वत देने के बजाय निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से शिकायत की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाया। मंगलवार को जैसे ही लिपिक ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे अनुमंडल कार्यालय से ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद निगरानी की टीम आरोपी लिपिक को अपने साथ पटना ले गई, जहां उसे निगरानी कोर्ट में पेश किया जाएगा।
डीएसपी सतीश चंद्र माधव ने बताया, “लालगंज के जनवितरण प्रणाली दुकानदार किशन कुमार से काम के बदले हाजीपुर अनुमंडल आपूर्ति कार्यालय के लिपिक सुमन कुमार ने दो हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद सत्यापन कराया गया और रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी को निगरानी कोर्ट में पेश किया जाएगा।”
इस कार्रवाई के दौरान वैशाली समाहरणालय परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। जिला मुख्यालय में जहां डीएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी बैठते हैं, वहीं उसी परिसर में खुलेआम रिश्वतखोरी का मामला सामने आने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश माना जा रहा है।

Related Posts

सहरसा में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, महिला की मौत; पति और मासूम बेटी गंभीर घायल

सहरसा में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, महिला की मौत; पति और मासूम बेटी गंभीर घायल

सहरसा सौर बाजार थाना में नशा मुक्ति अभियान, थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने लोगों को दिलाई नशा छोड़ने की शपथ

सहरसा सौर बाजार थाना में नशा मुक्ति अभियान, थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने लोगों को दिलाई नशा छोड़ने की शपथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *