बाढ़ से पहले अलर्ट मोड में जल संसाधन विभाग, सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध का किया निरीक्षण

भागलपुर: संभावित बाढ़ को देखते हुए बिहार सरकार का जल संसाधन विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने शनिवार को भागलपुर जिले में चल रहे बाढ़ सुरक्षा एवं कटाव निरोधक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने इस्माईलपुर–बिंदटोली तटबंध और रंगरा प्रखंड के ज्ञानीदास–झल्लूदास क्षेत्र में निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने रंगरा प्रखंड के झल्लूदास–ज्ञानीदास गांव में गंगा नदी के बाएं तट पर चल रहे कटाव निरोधक कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यस्थल पर पर्याप्त मात्रा में बोल्डर का भंडारण और क्रेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अभियंताओं को मौके पर कैंप कर कार्य की नियमित निगरानी करने और उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण पूरा करने को कहा। यहां 1,394 मीटर लंबाई में बोल्डर एप्रन और स्लोप पिचिंग का कार्य किया जा रहा है, जिसके पूरा होने से गांव को कटाव और बाढ़ के खतरे से सुरक्षा मिलेगी।

इसके बाद सचिव ने गोपालपुर प्रखंड स्थित इस्माईलपुर–बिंदटोली तटबंध के स्पर संख्या 8 से 9 के बीच चल रहे सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बोल्डर की निरंतर आपूर्ति बनाए रखने, श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाने तथा दिन-रात काम कर परियोजना को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

इस परियोजना के तहत 740 मीटर लंबाई में बोल्डर एप्रन, बोल्डर स्लोप पिचिंग और तटबंध के टो (Toe) में शीट पाइल लगाने का कार्य किया जा रहा है। सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यह कार्य हर हाल में 15 दिनों के भीतर पूरा किया जाए, ताकि मानसून के दौरान तटबंध पूरी तरह सुरक्षित रहे और आसपास के गांवों को बाढ़ व कटाव से बचाया जा सके।

जल संसाधन विभाग का कहना है कि समय पर इन परियोजनाओं के पूरा होने से गंगा किनारे बसे क्षेत्रों की सुरक्षा मजबूत होगी और संभावित बाढ़ के दौरान लोगों को राहत मिलेगी।

Related Posts

बारिश की बेरुखी से सहरसा में धान की खेती पर संकट, बढ़ी लागत और डीजल अनुदान में देरी से किसान परेशान

बारिश की बेरुखी से सहरसा में धान की खेती पर संकट, बढ़ी लागत और डीजल अनुदान में देरी से किसान परेशान

सुल्तानगंज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 506.75 लीटर विदेशी और 21 लीटर देशी शराब बरामद, दो गिरफ्तार

सुल्तानगंज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 506.75 लीटर विदेशी और 21 लीटर देशी शराब बरामद, दो गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *