केरेडारी में कांग्रेस की रणनीतिक बैठक, 6 जुलाई के जन-अधिकार कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प

बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में कोयला परियोजनाओं से प्रभावित विस्थापितों, किसानों और ग्रामीणों के अधिकारों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में केरेडारी पंचायत भवन में बुधवार को कांग्रेस की रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रविन्द्र कुमार गुप्ता ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता मो. दिलदार अंसारी ने किया। बैठक में पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

 

बैठक में आगामी 6 जुलाई 2026 को प्रस्तावित जन-अधिकार कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी समेत कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। यह दल रसदा, गोंदलपुरा, चेपा कला, समाधान भवन, कण्डाबेर, बसरिया, पगार और पचड़ा सहित विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों, किसानों और विस्थापित परिवारों की समस्याएं सुनेगा।

 

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव ने कहा कि वर्षों से भूमि अधिग्रहण और कोयला परियोजनाओं से प्रभावित लोगों को उनका अधिकार नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण, पुनर्वासन एवं पुनर्स्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम-2013 को पूरी तरह लागू कर प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने और गांव-गांव तक लोगों की आवाज पहुंचाने का आह्वान किया।

 

बैठक के बाद योगेन्द्र साव ने केरेडारी अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अंचलाधिकारी (CO) से मुलाकात कर क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यों और आम जनता की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

 

बैठक में महेंद्र रजक, मोहम्मद अब्बास, मोहन साव, पदुम साव, गणेश कुमार, बालेश्वर साव, मोहन करमाली, तुलेश्वर महतो, उपेंद्र कुमार, राहुल कुमार, मोहम्मद अयूब, चितामन साव, भगीरथ साव, विनय कुमार, प्रमोद कुमार, मेहंदी हसन, कुणाल कुमार, अमित दुबे सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, पंचायत अध्यक्ष, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने 6 जुलाई के जन-अधिकार कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

 

संवाददाता: सुनिल कुमार ठाकुर

Related Posts

धनबाद में चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों ने उपायुक्त से की मुलाकात, मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन जल्द कराने की मांग

धनबाद में चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों ने उपायुक्त से की मुलाकात, मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन जल्द कराने की मांग

बोकारो में ट्रैफिक पुलिस का सघन जांच अभियान, 29 ऑटो जब्त; 150 वाहनों की हुई जांच

बोकारो में ट्रैफिक पुलिस का सघन जांच अभियान, 29 ऑटो जब्त; 150 वाहनों की हुई जांच

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *