पटना में तेल गोदाम में भीषण आग, 13 घंटे बाद पाया गया काबू; 20 करोड़ के नुकसान की आशंका

बिहार की राजधानी पटना के पटना सिटी स्थित दीदारगंज थाना क्षेत्र के महुली रोड पर रविवार देर रात तेल, रिफाइंड और डालडा के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए 30 से अधिक छोटी-बड़ी दमकल गाड़ियों, करीब 100 फायर कर्मियों और लगभग 200 पानी टैंकरों की मदद ली गई। आग बुझाने में करीब 3 लाख लीटर पानी और 3500 लीटर फोम का इस्तेमाल किया गया। करीब 13 घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया।

Sponsored Advertisement

अग्निशमन अधिकारी गया सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

गोदाम के मालिक विपिन श्रीवास्तव ने बताया कि रात 1:11 बजे गार्ड ने आग लगने की सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो आग विकराल रूप ले चुकी थी। उन्होंने बताया कि गोदाम में करीब 1200 टन खाद्य तेल और डालडा का स्टॉक था और इस हादसे में लगभग 20 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका है।

आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गोदाम में रखा तेल सड़क पर बहने लगा, जिससे आसपास का इलाका फिसलन भरा हो गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी।

इस हादसे में एक युवक उस समय मामूली रूप से झुलस गया, जब वह पास खड़ी गाड़ी हटाने की कोशिश कर रहा था। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

  • Related Posts

    गोपालगंज में ADG का बड़ा बयान, बोले- पुलिस किसी नागरिक को अनावश्यक रूप से हाजत में नहीं रख सकती

    गोपालगंज में ADG का बड़ा बयान, बोले- पुलिस किसी नागरिक को अनावश्यक रूप से हाजत में नहीं रख सकती

    एनएच-19 पर पुलिस बनकर अवैध वसूली का खेल, 5 गिरफ्तार; हथियार और पुलिस की वर्दी बरामद

    एनएच-19 पर पुलिस बनकर अवैध वसूली का खेल, 5 गिरफ्तार; हथियार और पुलिस की वर्दी बरामद

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *