जामताड़ा में युवक के माथे पर तानी पिस्तौल, बीच सड़क पर मारपीट कर फरार हुए चार बदमाश

जामताड़ा: जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरावा गांव स्थित आजाद चौक पर मंगलवार की रात करीब आठ बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को बीच सड़क पर रोककर उसके साथ मारपीट की और उसके माथे पर पिस्तौल तान दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

 

Sponsored Advertisement

प्राप्त जानकारी के अनुसार नारायणपुर थाना क्षेत्र के कठडाबर निवासी जहीर अंसारी अपने ससुराल कुरावा गांव जा रहे थे। इसी दौरान आजाद चौक के समीप दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात युवक पहुंचे और उनकी चार पहिया वाहन को रोक लिया। पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने पहले गाली-गलौज की और फिर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

 

मारपीट के दौरान आरोपियों ने वाहन के पीछे दाहिने हिस्से का शीशा भी तोड़ दिया। जहीर अंसारी ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उनके माथे पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान जब आसपास मौजूद कुछ लोग उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़े तो आरोपियों ने उन लोगों को भी पिस्तौल दिखाकर डराने का प्रयास किया।

 

पीड़ित ने बताया कि सभी आरोपी हेलमेट पहने हुए थे, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, इसलिए यह समझ से परे है कि उनके साथ इस तरह की घटना क्यों हुई।

 

वहीं जहीर अंसारी के ससुर गफूर अंसारी, जो एक सीएसपी संचालक हैं, ने आशंका जताई कि अपराधियों का निशाना वे स्वयं हो सकते हैं और इसी कारण इस घटना को अंजाम दिया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

 

घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वसीम रजा घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।

 

इधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा के अल्पसंख्यक जिला उपाध्यक्ष गुलाम अंसारी ने घटना पर चिंता जताते हुए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

संवाददाता : संतोष कुमार

स्थान : जामताड़ा

  • Related Posts

    उद्घाटन समारोह में पुलिस की अचानक एंट्री, राजू तिर्की को दो लग्जरी गाड़ियों के साथ थाने ले गई टीम; आर्म्स एक्ट से जुड़ सकता है मामला

    झारखंड के पलामू जिले में बुधवार को एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान के उद्घाटन समारोह के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस…

    वैशाली की बेटी खुशी कुमारी का बिहार अंडर-23 T20 टीम में चयन, अब रायपुर में दिखाएंगी क्रिकेट का दम; भारतीय टीम में खेलने का है सपना

    बिहार की बेटियां अब क्रिकेट के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। इसी कड़ी में वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड अंतर्गत मोहनपुर वार्ड संख्या-2 निवासी प्रकाश…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *