धनबाद जिले में नकली खाद्य उत्पादों के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। धनसार थाना क्षेत्र स्थित गुरु नानक कॉलेज के समीप मुख्य मार्ग पर संचालित एक नकली नमक फैक्ट्री पर पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली नमक, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर नामी ब्रांडों के नाम पर नकली नमक तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के आधार पर धनसार थाना पुलिस ने छापेमारी की। मौके से टाटा नमक और पतंजलि नमक के नाम से तैयार किए जा रहे नकली उत्पाद, पैकिंग मशीन, ब्रांडेड कंपनियों के रैपर, तैयार पैकेट और बड़ी मात्रा में नमक बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नकली पैकिंग के जरिए उत्पादों को असली बताकर बाजार में बेच रहे थे। इससे उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ होने के साथ-साथ संबंधित कंपनियों को भी आर्थिक नुकसान पहुंच रहा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक शुभम अग्रवाल और उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में फैक्ट्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
धनसार थाना प्रभारी मनोहर कड़मली ने बताया कि ब्रांडेड नमक के कॉपीराइट उल्लंघन और नकली उत्पाद तैयार किए जाने की सूचना पर छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान नकली रैपर और अन्य सामग्री बरामद की गई है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
संवाददाता : नीतीश कुमार
स्थान : धनबाद





