भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सहरसा जिला इकाई द्वारा गुरुवार को 25 जून को “आपातकाल दिवस” एवं “संविधान हत्या दिवस” के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर लोकतंत्र की रक्षा, संविधान के सम्मान और नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश देने के लिए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर शहर में मौन मार्च निकाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री शिवभूषण सिंह ने किया। मौन मार्च में पार्टी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। मार्च वीर कुंवर सिंह चौक से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः वहीं समाप्त हुआ।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आपातकाल के दौर को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की गरिमा की रक्षा का संदेश दिया। सभा को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह ने कहा कि वर्ष 1975 में लगाया गया आपातकाल लोकतंत्र पर सबसे बड़ा प्रहार था। उस समय अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया और लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है।
जिला महामंत्री शिवभूषण सिंह ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत बनी रही। उन्होंने कहा कि यह दिवस संविधान के प्रति जिम्मेदारियों का स्मरण कराने का अवसर है।
वहीं भाजपा नेता विजय वसंत ने कहा कि आपातकाल ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिक अधिकारों को गहरा आघात पहुंचाया था। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा सजग रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रहित की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।संवाददाता : इन्द्रदेव जी
स्थान : सहरसा





