बोकारो में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध आरा मिलों पर छापा; 5 गिरफ्तार, भारी मात्रा में लकड़ी जब्त

बोकारो वन प्रमंडल की टीम ने गोमिया प्रखंड के तुलबुल और ढेंढे क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी तथा अवैध आरा मिलों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध लकड़ी, पांच ट्रैक्टर, आरा मशीनें और अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं।

 

वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि लुगु बुरु पहाड़ क्षेत्र के जंगलों से अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर लकड़ियों को तुलबुल और ढेंढे स्थित आरा मिलों में लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर वन विभाग ने बोकारो पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई अवैध आरा मिलों की जांच की गई, जहां बड़ी मात्रा में लकड़ियां और मशीनें बरामद हुईं।

 

जांच के दौरान मिल संचालकों से लकड़ी परिवहन और आरा मिल संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद वन विभाग ने लकड़ियों, ट्रैक्टरों और मशीनों को जब्त करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम और झारखंड आरा मिल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

वन अधिकारियों ने बताया कि लुगु बुरु क्षेत्र जैव विविधता की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है और यह हाथियों का प्रमुख आवास भी माना जाता है। जंगलों में लगातार हो रही अवैध कटाई से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा था तथा मानव-हाथी संघर्ष की संभावना भी बढ़ रही थी।

 

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की सुरक्षा और अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। विभाग ने लोगों से भी जंगलों की सुरक्षा में सहयोग करने और अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।

संवाददाता : चंदन सिंह

स्थान : बोकारो

Related Posts

सहरसा में सड़क पर गुंडागर्दी का तांडव, सदर अस्पताल के कक्ष सेवक को गाड़ी से रौंदने की कोशिश

सहरसा में सड़क पर गुंडागर्दी का तांडव, सदर अस्पताल के कक्ष सेवक को गाड़ी से रौंदने की कोशिश

भागलपुर में विक्रमशीला सेतु की मरम्मत को लेकर टेंडर प्रक्रिया तेज, ₹99 करोड़ की लागत से होगा पुनर्निर्माण

भागलपुर में विक्रमशीला सेतु की मरम्मत को लेकर टेंडर प्रक्रिया तेज, ₹99 करोड़ की लागत से होगा पुनर्निर्माण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *