बिहार के Begusarai जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बछवाड़ा प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय, जहानपुर में एक छात्र की ग्रिल के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृतक छात्र की पहचान मुन्ना कुमार के रूप में हुई है, जो आठवीं कक्षा में पढ़ता था। परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजे वह रोज की तरह स्कूल पहुंचा था। जैसे ही उसने क्लासरूम का दरवाजा खोला, वहां रखी भारी लोहे की ग्रिल अचानक उसके ऊपर गिर पड़ी। बताया जा रहा है कि करीब 6 ग्रिल एक साथ गिरीं, जिनका कुल वजन लगभग 3 क्विंटल से अधिक था। सिर दब जाने के कारण मुन्ना की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि कई शिक्षक मौके से गायब हो गए। स्थानीय लोग तुरंत बच्चे को बछवाड़ा पीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को लेकर मंसूरचक-बछवाड़ा मार्ग जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल परिसर में लाइब्रेरी भवन का निर्माण कार्य चल रहा था। ठेकेदार ने लापरवाही बरतते हुए क्लासरूम में ही भारी ग्रिल रखवा दी थी, जहां बच्चे पढ़ते थे। इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
गुस्साए लोगों ने स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक अमित कुमार और निर्माण कार्य में लगे एक कर्मचारी को बंधक बना लिया और उनकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर अपने साथ ले गई।
तेघड़ा के डीएसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
