झारखंड के पलामू जिले में बेलवाटिका की बेटी अदिति मिश्रा उर्फ रिचा मिश्रा की मौत को लगभग एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अब तक मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। परिजन और सामाजिक कार्यकर्ता लगातार प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं, ताकि मृतका को न्याय मिल सके और उसकी आत्मा को शांति मिले।
इसी क्रम में बुधवार को पलामू में सैकड़ों महिलाओं ने कैंडल मार्च निकालकर अदिति मिश्रा हत्याकांड के दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इस मार्च में विभिन्न समाजसेवी महिलाएं और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी के हाथों में मोमबत्तियां थीं और वे “अदिति को न्याय दो” के नारे लगा रहे थे।
कैंडल मार्च में शर्मिला वर्मा, मधु मालिनी, ग्रेसी मिश्रा (मृतका की बहन), रानू सिन्हा, मंजू चंद्रा, अमितू सिंह, फरहा नाज, रिया सिंह, अंकिता वर्मा, चंदा देवी, उषा समेत सैकड़ों महिलाएं शामिल रहीं। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि इस जघन्य हत्याकांड के दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए।
परिजनों और प्रदर्शनकारियों का कहना है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। इससे लोगों में निराशा और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
फिलहाल, यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिल पाता है।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू / झारखंड
