जामताड़ा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। मामला जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुभाष चौक स्थित शुभम ज्वेलर्स का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान में सेंधमारी कर करीब 12 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जा रहा है कि चोरों ने दुकान के पीछे लगे वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने बड़े ही शातिर तरीके से दुकान के अंदर रखी अलमारी को निशाना बनाया और उसमें रखे 2 ग्राम सोना और करीब 5 किलो चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह जब दुकान मालिक मनोज कुमार बर्मन रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि वेंटिलेटर टूटा हुआ है और अलमारी खुली पड़ी है। अंदर का सामान गायब देख उनके होश उड़ गए।
घटना की सूचना तुरंत जामताड़ा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना से इलाके में डर का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और इसमें शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है और चोरों की तलाश में छापेमारी जारी है।
संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा
