जामताड़ा जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिल गया है। जिले के 22वें एसपी के रूप में शंभू कुमार सिंह ने रविवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर एसपी कार्यालय में एक औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां कार्यभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई।

जामताड़ा पहुंचने पर नवपदस्थापित एसपी शंभू कुमार सिंह का जिला पुलिस बल की ओर से भव्य स्वागत किया गया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया, जिसके बाद उन्हें एसपी कार्यालय लाया गया। यहां मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

 

एसपी कार्यालय में आयोजित समारोह के दौरान निवर्तमान एसपी राजकुमार मेहता ने शंभू कुमार सिंह को बुके देकर उनका अभिनंदन किया और औपचारिक रूप से पदभार सौंपा। इस दौरान जिले के कई वरीय पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य कर्मी मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम में निवर्तमान एसपी राजकुमार मेहता के कार्यकाल की भी सराहना की गई। उनके नेतृत्व में जिले में कई महत्वपूर्ण पहल की गईं और अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष अभियान चलाए गए। पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम जनता के बीच विश्वास कायम करने के प्रयासों को भी सराहा गया।

 

पदभार ग्रहण करने के बाद नए एसपी शंभू कुमार सिंह ने मीडिया से बातचीत में अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और जनता तथा पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने यह भी कहा कि आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

नए एसपी के पदभार संभालने से जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

संवाददाता – संतोष कुमार, जामताड़ा

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *