बोकारो में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है, जहां एक ऑटो चालक पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-12 मोड़ के पास की है, जहां देर रात यह वारदात हुई।
घायल ऑटो चालक नवनीत कुमार ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन से सवारी लेकर सेक्टर-12 मोड़ पर आया था। सवारी को उतारने के बाद वह वापस लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान नशे में धुत दो युवक वहां पहुंचे और ऑटो में सवार होने की कोशिश करने लगे। चालक ने उन्हें ले जाने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते मामला बढ़ गया और उन दोनों युवकों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर ऑटो चालक की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि जब मारपीट से भी उनका मन नहीं भरा तो हमलावरों ने चाकू निकालकर नवनीत कुमार पर हमला कर दिया। इस हमले में चालक के सिर, गर्दन, पीठ और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही ऑटो चालक एसोसिएशन के सदस्यों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल 100 पर कॉल कर मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद सिटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं ऑटो चालकों में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
बोकारो से चंदन की रिपोर्ट
