सहरसा: बिहार के सहरसा जिले से एक बेहद चिंताजनक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय किशोर को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल अवस्था में परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे आनन-फानन में सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार बालक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार घायल किशोर की पहचान सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र के बदिया गांव निवासी सिकेन्द्र यादव के 13 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रिंस कुमार अपने चार भाई-बहनों में इकलौता पुत्र है। इस घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और परिजन सदमे में हैं।
परिजनों ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले घश्याम यादव के 12 वर्षीय पुत्र बाबुल कुमार ने शनिवार को प्रिंस कुमार को अपने घर बुलाया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों बच्चों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि उसी दौरान बाबुल कुमार ने प्रिंस कुमार के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत घायल बालक को उठाकर सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी है। चिकित्सकों के मुताबिक गोली सिर में लगने के कारण उसकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है और उसे “माइंड डेथ” की अवस्था में बताया जा रहा है। डॉक्टर लगातार उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। सिमरी बख्तियारपुर थाना प्रभारी अमरनाथ कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चों के बीच हुए विवाद में इस घटना को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और बच्चों के हाथों में हथियार पहुंचने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
