भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जामताड़ा में एक सराहनीय पहल की गई है। जामिया मिस्बाह लील बनात ट्रस्ट की ओर से जामताड़ा के पुराना कोर्ट परिसर में शुद्ध ठंडा पेयजल केंद्र की शुरुआत की गई। इस सेवा केंद्र के माध्यम से न सिर्फ ठंडा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, बल्कि लोगों के लिए चना, खीरा, गाजर, तरबूज सहित अन्य हल्के खाद्य पदार्थों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि गर्मी से राहत मिल सके।

 

इस पेयजल सेवा केंद्र का उद्घाटन वरिष्ठ अधिवक्ता सत्येंद्र राउत ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग दूर-दराज के क्षेत्रों से अपने कानूनी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में गर्मी के इस मौसम में उन्हें पानी और राहत की व्यवस्था की काफी जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा शुरू की गई यह पहल न केवल मानवीय संवेदना का उदाहरण है, बल्कि समाज सेवा की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम भी है।

 

ट्रस्ट के संस्थापक हाफिज नाज़ीर हुसैन ने बताया कि लगातार बढ़ती गर्मी और लोगों की परेशानी को देखते हुए इस सेवा केंद्र की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक शुरुआत है, आने वाले दिनों में सुभाष चौक सहित शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी इसी तरह के शुद्ध पेयजल केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके।

 

कोर्ट परिसर में आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों ने ट्रस्ट की इस पहल की खुलकर सराहना की। लोगों ने कहा कि इस तरह की व्यवस्था गर्मी के मौसम में बहुत जरूरी होती है और इससे आम जनता को सीधा लाभ मिलता है।

 

इस अवसर पर कई गणमान्य लोग, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और ट्रस्ट के सदस्य मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में सेवा, सहयोग और जनहित की भावना साफ दिखाई दी।

 

संवाददाता – संतोष कुमार, जामताड़ा

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *