रोहतास: बिहार में बढ़ती भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हीट स्ट्रोक के बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में रोहतास जिले का सदर अस्पताल पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है और इस बार पहले से बेहतर तैयारियां की गई हैं।

सासाराम स्थित सदर अस्पताल में 12 बेड का विशेष हीट स्ट्रोक वार्ड बनाया गया है। इस वार्ड को पूरी तरह एयर कंडीशन, कूलर और पंखों से लैस किया गया है, ताकि मरीजों के शरीर का तापमान तुरंत नियंत्रित किया जा सके। अस्पताल प्रबंधन ने साफ-सुथरे ठंडे पेयजल के लिए वाटर कूलर की भी बेहतर व्यवस्था की है।

इलाज की दृष्टि से भी अस्पताल पूरी तरह तैयार है। यहां 40 से अधिक जरूरी जीवन रक्षक दवाइयों का स्टॉक उपलब्ध है। हर बेड पर ओआरएस, ग्लूकोज, ऑक्सीजन सिलेंडर, थर्मामीटर और बीपी मशीन जैसे उपकरण मौजूद हैं, जिससे मरीज को तुरंत उपचार मिल सके। गंभीर मरीजों के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और लाइफ सपोर्ट सिस्टम भी सक्रिय रखे गए हैं।

सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन के अनुसार डॉक्टरों और नर्सों की विशेष टीम 24 घंटे रोटेशन में तैनात है, जो हीट स्ट्रोक के मरीजों के इलाज में प्रशिक्षित है। साथ ही एंबुलेंस सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके।

अस्पताल में एक हेल्प डेस्क भी बनाया गया है, जहां 8544421740 नंबर पर बेड और इलाज की जानकारी ली जा सकती है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर करने की भी व्यवस्था है।

स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। लोगों को सलाह दी जा रही है कि दोपहर 12 से 4 बजे तक घर से बाहर न निकलें, हल्के सूती कपड़े पहनें, सिर ढककर रखें और नियमित रूप से पानी पीते रहें।

मरीजों के परिजनों का कहना है कि इस बार अस्पताल की व्यवस्था पहले से काफी बेहतर है। समय पर दवा और डॉक्टरों की देखभाल से लोगों को राहत मिल रही है। प्रशासन और जनता के सहयोग से ही इस भीषण गर्मी से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *