मोतिहारी: भारत-नेपाल सीमा पर खरीदारी को लेकर नेपाल सरकार की सख्ती अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है. नेपाल सरकार ने 100 नेपाली रुपये से अधिक मूल्य के सामान पर कस्टम ड्यूटी अनिवार्य कर दी है, जिसके बाद सीमावर्ती इलाकों में विरोध शुरू हो गया है।
सीमा से सटे बिहार के जोगबनी और रक्सौल जैसे बाजारों में इसका असर साफ दिख रहा है. नेपाल के नागरिक, जो रोजमर्रा के सामान जैसे फल, सब्जी, किराना और कोल्ड ड्रिंक्स के लिए भारतीय बाजारों पर निर्भर रहते थे, अब उन्हें हर सामान पर 5% से 80% तक कस्टम शुल्क देना पड़ रहा है. पहले इन सामानों को व्यक्तिगत उपयोग के नाम पर बिना टैक्स ले जाया जाता था, लेकिन अब सशस्त्र प्रहरी बल (APF) और कस्टम अधिकारी सख्ती से जांच कर रहे हैं।
नए नियम के तहत 100 नेपाली रुपये से अधिक मूल्य के किसी भी सामान पर ड्यूटी देना अनिवार्य है. अगर कोई व्यक्ति शुल्क नहीं चुकाता है, तो उसका सामान जब्त किया जा सकता है. इसके साथ ही VAT भी लगाया जा सकता है, जिससे लागत और बढ़ रही है।
नेपाल सरकार का कहना है कि यह कोई नया नियम नहीं है, बल्कि 2023 से लागू प्रावधान को अब सख्ती से लागू किया जा रहा है. सरकार के अनुसार, इससे तस्करी पर रोक लगेगी और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा. अधिकारियों का दावा है कि पहले लोग छोटे-छोटे सामान कई बार लाकर बड़ी मात्रा में जमा करते थे और फिर उन्हें बेचते थे।
हालांकि, सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों का कहना है कि यह फैसला उनकी रोजमर्रा की जरूरतों को प्रभावित कर रहा है और महंगाई बढ़ा रहा है।
इसी बीच, नेपाल में भारतीय वाहनों के प्रवेश को लेकर भी नियम कड़े कर दिए गए हैं. अब दोपहिया वाहनों के लिए ₹100, तीनपहिया के लिए ₹400 और चारपहिया के लिए ₹600 प्रतिदिन शुल्क देना अनिवार्य कर दिया गया है. इससे सीमा पार आवाजाही भी महंगी हो गई है।
