अगर आप आज दवा खरीदने की सोच रहे हैं तो पहले यह खबर जरूर देख लीजिए। भागलपुर में आज सभी थोक और फुटकर मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने 24 घंटे की बंदी का ऐलान किया है। इस बंदी से मरीजों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
भागलपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर मंगलवार की आधी रात से जिलेभर के मेडिकल स्टोर बंद कर दिए गए हैं। यह बंदी बुधवार रात 12 बजे तक जारी रहेगी।
दवा कारोबारियों का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री से न सिर्फ उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि लोगों की सेहत भी खतरे में पड़ रही है। संगठन के अध्यक्ष घनश्याम दास कोटरीवाला ने बताया कि अखिल भारतीय स्तर पर ऑनलाइन दवा कारोबार के खिलाफ यह बंद बुलाया गया है।
वहीं जिला महासचिव प्रशांत लाल ठाकुर ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बिना डॉक्टर की पर्ची के नशीली दवाएं बेची जा रही हैं। साथ ही नकली दवाओं के बाजार में पहुंचने की आशंका भी बढ़ गई है।
आज सुबह दवा कारोबारी एमपी द्विवेदी रोड स्थित देवी बाबू धर्मशाला के पास शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी करेंगे और सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री बंद करने की मांग उठाएंगे।
इस बंदी का असर पूरे भागलपुर शहर में देखने को मिलेगा। एमपी द्विवेदी रोड, घंटाघर, आदमपुर, एमजी रोड, तिलकामांझी, हटिया रोड और राधारानी सिन्हा रोड समेत कई इलाकों की मेडिकल दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी।
दवा कारोबारियों के मुताबिक इस बंदी से करोड़ों रुपये के कारोबार पर असर पड़ेगा। वहीं अचानक मेडिकल स्टोर बंद होने से मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ सकती है।


