apnabiharjharkhand

“अमेरिका से जंग हुई तो ‘जय श्रीराम’ भूल जाएंगे लोग” — गया में RJD सांसद सुरेंद्र यादव का विवादित बयान वायरल

बिहार के गया में आयोजित एक पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान राजद सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने ऐसा बयान दे दिया, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। जहानाबाद से सांसद सुरेंद्र यादव ने कहा कि अगर भारत और अमेरिका के बीच लड़ाई हो गई, तो एक महीने में लोग ‘जय श्रीराम’ बोलना भूल जाएंगे। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

गया शहर स्थित द मगध को-ऑपरेटिव बैंक परिसर में पूर्व विधायक विनय यादव के पिता और बैंक के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय उमेश कुमार वर्मा की तीसरी पुण्यतिथि कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने देश की आर्थिक स्थिति, महंगाई और सहकारिता व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

 

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश आर्थिक संकट की तरफ बढ़ रहा है और हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका में लड़ाई जैसी स्थिति बन गई, तो लोगों की सोच और प्राथमिकताएं पूरी तरह बदल जाएंगी। इसी दौरान उन्होंने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि “एक महीने में लोग जय श्रीराम बोलना भूल जाएंगे और जिनके पिता गुजर चुके हैं, उनका नाम भी याद आने लगेगा।”

 

सांसद ने आगे दावा किया कि संसद में बैठकर वे देश की वास्तविक आर्थिक स्थिति देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज हालात ऐसे हो गए हैं कि बड़े-बड़े नेता भी टेंपो, साइकिल और पैदल चलने को मजबूर दिखाई दे रहे हैं। आर्थिक संकट को उन्होंने कैंसर जैसी गंभीर समस्या बताया और कहा कि देश को मजबूत आर्थिक नीति की जरूरत है।

 

बता दें कि सुरेंद्र प्रसाद यादव राजद सुप्रीमो Lalu Prasad Yadav के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं। वे बेलागंज से आठ बार विधायक रह चुके हैं और बिहार सरकार में मंत्री पद भी संभाल चुके हैं। फिलहाल वे जहानाबाद से राजद सांसद हैं। उनका यह बयान अब बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा करता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *