apnabiharjharkhand

मध्य विद्यालय भरना में अनियमितता का आरोप, शिक्षक पर कार्रवाई की मांग

खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय भरना में अनियमितता और लचर शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा गया है। शिकायत में विद्यालय के एक ग्रामीण शिक्षक और प्रभारी प्रधानाध्यापक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं तथा विभागीय कार्रवाई की मांग की गई है।

 

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि विद्यालय में कुल बारह शिक्षक और शिक्षिकाएं पदस्थापित हैं, इसके बावजूद विद्यालय की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। आरोप है कि विद्यालय में पढ़ाई-लिखाई नियमित रूप से नहीं हो रही है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

 

पत्र में कहा गया है कि लगभग 21 वर्षों से पदस्थापित ग्रामीण शिक्षक ब्रह्मदेव मंडल और प्रभारी प्रधानाध्यापक अमित कुमार साह के कारण विद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि दोनों की कार्यशैली के चलते विद्यालय में कई तरह की अनियमितताएं लगातार सामने आ रही हैं।

 

शिकायत के अनुसार विद्यालय में कई बार निरीक्षण के दौरान विभिन्न कमियां पाई गईं। इनमें विषयवार पढ़ाई नहीं होना, कक्षाओं में शिक्षकों की अनुपस्थिति, बच्चों की उपस्थिति कम होना और मध्याह्न भोजन में पौष्टिक आहार नहीं परोसे जाने जैसे आरोप शामिल हैं। इसके अलावा बिना शिक्षा समिति की बैठक किए वित्तीय राशि निकासी करने और विद्यालय संचालन में पारदर्शिता नहीं बरतने की बात भी कही गई है।

 

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों के हित में कई बार दिशा-निर्देश दिए गए, लेकिन उन पर अमल नहीं किया गया। साथ ही विद्यालय में गुटबाजी और राजनीतिक संरक्षण के सहारे कार्य करने का भी आरोप लगाया गया है।

 

जिला शिक्षा पदाधिकारी से मांग की गई है कि छात्र हित को ध्यान में रखते हुए संबंधित शिक्षक पर विभागीय कार्रवाई की जाए और उनका स्थानांतरण किसी अन्य विद्यालय में किया जाए, ताकि विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को सुधारा जा सके।

 

अब इस शिकायत पत्र के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली और विद्यालय की व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। वहीं अभिभावकों और ग्रामीणों की नजर अब शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *