भागलपुर जिले के कहलगांव से तिनटंगा के बीच गंगा नदी में मालवाहक जहाज सेवा 25 मई से शुरू होने की संभावना है। कोलकाता की Shark Shipping Company ने मंगलवार से एप्रोच पथ निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। कंपनी के निदेशक मो. अरसद रजा ने बताया कि काम तेजी से कराया जा रहा है और निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे पूरा कर जहाजों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि जिला प्रशासन ने जहाज संचालन के लिए सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया है। इस रूट पर 800 एमटी से लेकर 2000 एमटी क्षमता तक के चार मालवाहक जहाज चलाए जाएंगे। इससे गंगा पार माल ढुलाई करने वाले व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न वाहनों के लिए किराया भी तय कर दिया गया है। 10 चक्का ट्रक के लिए 3800 रुपये, 12 चक्का ट्रक के लिए 4400 रुपये, 14 चक्का ट्रक के लिए 4500 रुपये, 16 चक्का ट्रक के लिए 4800 रुपये तथा 18 चक्का ट्रक के लिए 5000 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। इसके अलावा पिकअप वैन के लिए 600 रुपये और कार के लिए 700 रुपये शुल्क तय किया गया है।
कंपनी की ओर से घाट और एनएच पर कर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि भारी वाहनों को व्यवस्थित तरीके से घाट रोड तक पहुंचाया जा सके और सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। स्थानीय लोगों और व्यवसायियों को उम्मीद है कि इस सेवा के शुरू होने से आवागमन और माल परिवहन दोनों में सुविधा बढ़ेगी।


