भागलपुर जिले के गोपालपुर के पूर्व विधायक गोपाल मंडल के बड़े पुत्र तरुण कुमार नीरज सोमवार दोपहर से लापता हैं। इस घटना के बाद परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है। मामले को लेकर पूर्व विधायक ने बरारी थाना में गुमशुदगी का आवेदन दिया है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
पूर्व विधायक ने बताया कि सोमवार दोपहर घर में किसी मामूली बात को लेकर तरुण कुमार नीरज और उनके छोटे भाई के बीच कहासुनी हुई थी। बहस के बाद तरुण काफी देर तक हाउसिंग कॉलोनी स्थित आवास के मुख्य गेट पर बैठे रहे। इसके बाद वह अचानक घर से निकल गए। घर से बाहर जाते हुए उनकी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
परिजनों के अनुसार, तरुण के अचानक गायब होने के बाद परिवार के लोगों ने उनकी काफी तलाश की। घर के आसपास, दोस्तों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई। पूर्णिया स्थित ससुराल और अन्य परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उनका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ बता रहा है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने परिवार को जानकारी दी कि घर से निकलने के बाद तरुण चौक तक गए थे। वहां उन्होंने चाय-बिस्कुट खाया था। इसके बाद वह वहां से कहीं चले गए। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है।
बरारी थाना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर तरुण कुमार नीरज की तलाश में जुटी हुई है। परिवार ने भी लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उनके बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या परिजनों को सूचना दें।


