apnabiharjharkhand

एमडीएम में कीड़ा मिलने पर छात्रों का हंगामा, नवगछिया-तिनटंगा करारी सड़क एक घंटे जाम


आदर्श मिडिल स्कूल लतरा में मंगलवार को मध्याह्न भोजन (एमडीएम) में कीड़ा मिलने के बाद छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित बच्चों ने सुबह करीब 10 बजे नवगछिया-तिनटंगा करारी सड़क को बांस और चौकी लगाकर जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही बीईओ घनश्याम पासवान, स्कूल शिक्षक अनिल अनल तथा गोपालपुर थाना के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों और ग्रामीणों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली।


आठवीं कक्षा की छात्राओं सोनाली कुमारी, सुहानी कुमारी समेत अन्य बच्चों ने बीईओ से शिकायत करते हुए कहा कि स्कूल में नियमित रूप से पढ़ाई नहीं होती है और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता भी बेहद खराब है। छात्रों ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी भोजन में कीड़े निकल चुके हैं, लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।


बीईओ घनश्याम पासवान ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब एक घंटे बाद विद्यार्थियों ने सड़क जाम हटाया और आवागमन सामान्य हो सका। हालांकि इसके बाद भी छात्र और ग्रामीण स्कूल परिसर पहुंचे और हंगामा करने लगे। ग्रामीणों ने स्कूल में साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने, गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने और नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करने की मांग की।


कुछ देर बाद बीईओ और पुलिस अधिकारी दोबारा स्कूल पहुंचे तथा ग्रामीणों और छात्रों को समझाकर शांत कराया। वहीं स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनीता देवी ने कहा कि एमडीएम तैयार करने के दौरान साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाता है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *