महाराष्ट्र के उल्हासनगर से ‘लव जिहाद’ और जबरन धर्म परिवर्तन का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसकी कड़ियां अब बिहार से भी जुड़ गई हैं। आरोप है कि एक मुस्लिम युवक ने खुद को हिंदू बताकर पहले महिला को प्रेम जाल में फंसाया, फिर शादी के बाद उसे बिहार ले जाकर धार्मिक प्रताड़ना दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के मुताबिक आरोपी युवक ने अपना नाम “विजय वर्मा” बताकर उससे दोस्ती की थी। धीरे-धीरे दोनों करीब आए और शादी कर ली। शादी के बाद महिला को पता चला कि उसका असली नाम इमरान शेख है और वह मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखता है।
महिला का आरोप है कि सच्चाई सामने आते ही पति और उसके परिवार का व्यवहार बदल गया। आरोपी उसे अपने पैतृक घर बिहार ले गया, जहां उस पर मुस्लिम रीति-रिवाज अपनाने का दबाव बनाया गया। पीड़िता ने बताया कि उसे जबरन बुर्का और हिजाब पहनने को मजबूर किया गया, यहां तक कि गोमांस खिलाकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की गई। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की गई।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि बिहार में ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और छेड़छाड़ की कोशिश की। इस शादी से महिला के तीन बच्चे भी हैं।
मामला तब और गंभीर हो गया जब आरोपी ने पहली पत्नी को बिना बताए दूसरी शादी कर ली। दूसरी शादी के बाद महिला और उसके बच्चों को घर से निकाल दिया गया। बेसहारा महिला किसी तरह अपने मायके पहुंची, लेकिन आरोप है कि वहां भी आरोपी और उसके परिवार वाले पहुंचकर धमकी, गाली-गलौज और तोड़फोड़ करते रहे।
आखिरकार महिला ने उल्हासनगर के सेंट्रल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी इमरान शेख, सलमान शेख और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया।
सेंट्रल पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शंकर अवताडे ने बताया कि मामले में फर्जी पहचान, प्रताड़ना और जबरन धर्म परिवर्तन समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।


