बिहार के सहरसा जिले से चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां चोरों ने देर रात एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। मामला बिहरा थाना क्षेत्र के पदमपुर वार्ड नंबर 10 का है, जहां 17 तारीख की रात यह वारदात हुई।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित दिलीप यादव, पिता केलू यादव, अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे के बाद अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोर बड़ी ही शातिर तरीके से घर में रखे कीमती सामान को समेटते रहे और किसी को भनक तक नहीं लगी।
चोरों ने घर में रखे एक ट्रंक को भी अपने साथ उठा लिया। बाद में उस ट्रंक को घर से करीब 500 मीटर दूर ले जाकर तोड़ा गया। पीड़ित के मुताबिक, ट्रंक में नकद रुपये, सोने-चांदी के जेवरात के साथ-साथ पीतल और तांबे के बर्तन भी रखे हुए थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए।
सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली, तब घटना की जानकारी मिली। घर का दरवाजा टूटा देख परिजन सन्न रह गए। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पीड़ित दिलीप यादव ने बिहरा थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी गए सामान और नकदी की बरामदगी की मांग की है। वहीं, इस मामले में बिहरा थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
