बिहार के bagaha के पिपरासी थाना क्षेत्र में तेंदुए के हमले से इलाके में दहशत फैल गई है। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) के मदनपुर वन क्षेत्र से निकलकर रिहायशी इलाके में पहुंचे तेंदुए ने मनिया छापर और भिलोरवा टोला में तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग सतर्कता बरत रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, खेत से लौट रही पिपरासी पंचायत के मनिया छापर निवासी 25 वर्षीय रवीना खातून पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पिपरासी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

इसी दौरान भिलोरवा टोला निवासी 56 वर्षीय मुसमात धानमति देवी भी तेंदुए के हमले का शिकार हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाने के दौरान साथ गए 35 वर्षीय मनोज शर्मा पर भी तेंदुए ने हमला कर दिया। तीनों घायलों का इलाज चल रहा है।

घटना के बाद आसपास के गांवों में डर का माहौल है। महिलाएं और बच्चे अकेले खेतों और जंगल की ओर जाने से बच रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

भीलोरवा के मुखिया प्रतिनिधि और राजद नेता मुकेश Kushwaha ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़कर जंगल में छोड़ने की मांग की है। साथ ही घायलों को उचित मुआवजा और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की अपील की है।

वहीं, बगहा रेंजर श्रीमान मालाकार ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। टीम तेंदुए के पगमार्ग की जांच कर रही है और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, तेंदुए को पकड़ने के लिए आवश्यक उपकरण और विशेष टीम को लगाया जाएगा ताकि आगे कोई बड़ा हादसा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *