नवगछिया में युवक की हत्या मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस पूरे हत्याकांड के पीछे गलत संबंध और पैसे के लेन-देन का विवाद सामने आया है। मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
दरअसल, 15 मई 2026 को नवगछिया थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित नया टोला के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के सहोड़ी निवासी महेश्वर सिंह के पुत्र नवीन Kumar Singh के रूप में हुई।
मृतक की पत्नी के आवेदन पर नवगछिया थाना में कांड संख्या 200/26 दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी व मानवीय सूत्रों के आधार पर मिल्की निवासी काजल कुमारी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में काजल कुमारी ने पुलिस को बताया कि उसका मृतक के साथ गलत संबंध था और वह उससे पैसे लेती थी। इसी बीच जेल से बाहर आने के बाद उसके पति ब्रजेश कुमार को दोनों के संबंधों की जानकारी मिल गई। इसके बाद पति ने अपने भाई और पत्नी के साथ मिलकर नवीन कुमार सिंह की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार आरोपितों ने नवीन को बहाने से बुलाया और उसकी हत्या कर शव को स्टेशन रोड नया टोला के पास फेंक दिया। मामले में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
गलत संबंध बना मौत की वजह, युवक की हत्या का 48 घंटे में खुलासा


