रोहतास जिले के सासाराम में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां उत्तर भारत की तीर्थ यात्रा से लौट रहे आंध्र प्रदेश के एक बुजुर्ग श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले के यज्ञापेटा थाना क्षेत्र स्थित सकला बाजार निवासी 76 वर्षीय बंडारू नागेश्वर राव के रूप में हुई है। घटना सासाराम के प्रसिद्ध ताराचंडी मंदिर धाम के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश से करीब 30 श्रद्धालुओं का दल धार्मिक यात्रा पर उत्तर भारत आया था। सभी श्रद्धालुओं ने काशी, अयोध्या, प्रयागराज और गयाजी समेत कई प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन किए थे। इसके बाद सभी लोग टूरिस्ट बस से वापस आंध्र प्रदेश लौट रहे थे। इसी दौरान सासाराम पहुंचते ही बंडारू नागेश्वर राव की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
सहयात्रियों ने बताया कि उन्हें पहले बेचैनी महसूस हुई और देखते ही देखते उनकी हालत गंभीर हो गई। बस में मौजूद लोग उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पत्नी भी उसी बस में मौजूद थीं और पति की अचानक मौत से बेसुध हो गईं।
स्थिति उस समय और कठिन हो गई जब यह पता चला कि अधिकांश यात्री केवल तेलुगु भाषा जानते थे। हिंदी नहीं आने के कारण उन्हें स्थानीय लोगों से मदद लेने में परेशानी हुई। हालांकि, स्थानीय लोगों और प्रशासन ने तुरंत सहायता की और सभी को सासाराम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी बांडरू गोपामा ने बताया कि वे लोग कुछ दिन पहले आंध्र प्रदेश से तीर्थ यात्रा पर निकले थे और गयाजी में पूजा-अर्चना करने के बाद वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान उनके पति की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद दरिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। दरिगांव थाना प्रभारी मितेश कुमार ने बताया कि कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और शव को आंध्र प्रदेश भेजने की तैयारी चल रही है।


