apnabiharjharkhand

सिवान में पुलिस- बदमाश मुठभेड़: सोना लूटकांड का आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, पटना रेफर

बिहार के सिवान में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में सोना लूटकांड का एक आरोपी घायल हो गया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों घुटनों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. घायल आरोपी को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है.घटना सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र की है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घुरघाट निवासी 26 वर्षीय अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक अंकित 6 मई को जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार में हुई करीब 20 लाख रुपये के सोना लूटकांड में शामिल था. इस मामले में पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी.सिवान एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने एक साथी के साथ मैरवा की ओर आ रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम को अलर्ट किया गया और तितरा बाजार के पास घेराबंदी की गई. इसी दौरान पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी.पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ के दौरान चली गोली आरोपी अंकित कुमार सिंह के दोनों घुटनों में लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया. हालांकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.घायल आरोपी को पहले सिवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. पुलिस के अनुसार गोली आरोपी के घुटनों को पार कर गई है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

“पुलिस को सूचना मिली थी कि सोना लूटकांड का आरोपी मैरवा की तरफ आ रहा है. तितरा बाजार के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी की. इस दौरान आरोपी की ओर से फायरिंग की गई. जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.”
— पूरन कुमार झा, एसपी, सिवान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *