पटना: देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों आईआईटी में प्रवेश के लिए आयोजित जेईई एडवांस 2026 परीक्षा रविवार को दो शिफ्ट में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने खासकर पेपर-2 को काफी कठिन, पेचीदा और समय लेने वाला बताया। अधिकांश अभ्यर्थियों का कहना है कि इस बार गणित और फिजिक्स ने सबसे ज्यादा परेशान किया, जबकि केमिस्ट्री अपेक्षाकृत आसान रही। छात्रों के अनुसार कठिन प्रश्नों की वजह से इस बार कटऑफ कम जा सकता है।
पटना के पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया स्थित परीक्षा केंद्र से बाहर निकली छात्रा रिद्धि आचार्या ने बताया कि मैथ्स के सवाल बेहद पेचीदा और लंबे कैलकुलेशन वाले थे। उन्होंने कहा कि फिजिक्स में भी कठिन और समय लेने वाले प्रश्न पूछे गए, जबकि केमिस्ट्री अपेक्षाकृत आसान रही। रिद्धि के अनुसार दोनों पेपर में गणित ने सबसे ज्यादा उलझाया।
छात्र विनायक सिंह ने बताया कि गणित के कई सवाल इतने लंबे थे कि समय की कमी के कारण उन्हें छोड़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि फिजिक्स के प्रश्न भी कठिन थे और सुबह की पहली शिफ्ट की तुलना में दूसरी शिफ्ट ज्यादा टफ लगी।
वहीं जयवर्धन गुप्ता ने कहा कि पेपर-2 में फिजिक्स सबसे कठिन रहा। उनके अनुसार पेपर-1 का स्तर सामान्य था, लेकिन दूसरे पेपर में सवाल काफी घुमावदार थे। उन्होंने बताया कि गणित में कोणिक सेक्शन और डिफरेंशियल चैप्टर से ज्यादा प्रश्न पूछे गए। जयवर्धन का मानना है कि पेपर-2 कठिन होने की वजह से इस बार कटऑफ नीचे जा सकता है।
छात्रा श्रेया कुमारी ने कहा कि पेपर-1 में केमिस्ट्री कठिन लगी, जबकि पेपर-2 में सवाल ज्यादा पेचीदा और लंबी प्रक्रिया वाले थे। उन्होंने बताया कि कई प्रश्न समय के अभाव में हल नहीं हो सके। वहीं आदर्श अध्याय ने कहा कि पेपर-2 के एनालिटिकल प्रश्न काफी उलझाने वाले थे। उनके अनुसार सवाल सीधे फॉर्मूला आधारित जरूर थे, लेकिन उन्हें हल करने के लिए कॉन्सेप्ट की गहरी समझ जरूरी थी।


