गया: बिहार के गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 208 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। यह गांजा ओडिशा से हाइवा वाहन के जरिए बिहार लाया जा रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांजा की एक बड़ी खेप गोपालपुर-महमूदपुर मोड़ के रास्ते बिहार पहुंचने वाली है। सूचना मिलते ही शेरघाटी थानाध्यक्ष मोहन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध हाइवा वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान तस्करों की शातिर चाल देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। हाइड्रोलिक डल्ले के नीचे एक गुप्त तहखाना बनाया गया था, जिसमें आठ बोरों में गांजा छिपाकर रखा गया था। जैसे ही वाहन का डल्ला ऊपर उठाया गया, पुलिस ने 208 किलो गांजा बरामद कर लिया।
मौके से वाहन चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे अंतरराज्यीय तस्करों का बड़ा गिरोह सक्रिय है, जो नए-नए तरीकों से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा है।
शेरघाटी एसडीपीओ संदीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच चल रही है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में तस्कर वाहन के अंदर गुप्त चेंबर और तहखाने बनाकर गांजा व अन्य मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहे हैं। ऐसे रैकेट को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
एसडीपीओ संदीप कुमार ने कहा, “गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हाइवा वाहन से गांजा बरामद किया गया है। पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”


