सहरसा जिले के नौहट्टा प्रखंड से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां कोसी नदी में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। घटना पूर्वी कोशी तटबंध के ई-2 घाट स्थित स्पर्श संख्या 78:60 के पास की बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृत बच्चियों की पहचान नौहट्टा नगर पंचायत वार्ड संख्या 09 निवासी मोहम्मद नौशाद की 14 वर्षीय पुत्री जास्मिन प्रवीन तथा वार्ड संख्या 07 निवासी मोहम्मद सदरे की 13 वर्षीय पुत्री गुलबसा परवीन के रूप में हुई है। दोनों बच्चियां आपस में सहेलियां बताई जा रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों बच्चियां कोसी नदी किनारे गई थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया या वे गहरे पानी में चली गईं, जिससे दोनों नदी में डूब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की सूचना प्रशासन को तत्काल दे दी गई थी, लेकिन करीब दो घंटे तक एसडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। प्रशासनिक देरी के कारण लोगों में नाराजगी देखने को मिली। इसी बीच स्थानीय गोताखोरों ने साहस का परिचय देते हुए नदी में उतरकर बच्चियों की तलाश शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों ने दोनों बच्चियों को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृत बच्चियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और त्वरित राहत एवं बचाव दल की स्थायी तैनाती की मांग प्रशासन से की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
कोसी नदी में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत, नौहट्टा में पसरा मातम


