apnabiharjharkhand

शादी के 16 दिन बाद दुल्हन फरार, नकदी और लाखों के गहने लेकर भागने का आरोप

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 16 दिन बाद नवविवाहिता के घर से नकदी और लाखों रुपए के जेवरात लेकर फरार होने का आरोप लगा है. घटना गायघाट थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है. इस मामले में अब प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आने लगा है. पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच में जुट गई है.

जानकारी के अनुसार, जितेन्द्र कुमार की शादी 25 अप्रैल को पियर थाना क्षेत्र की एक युवती से पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ हुई थी. शादी के बाद परिवार में सबकुछ सामान्य चल रहा था. परिजनों का कहना है कि किसी को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि कुछ ही दिनों बाद ऐसा मामला सामने आ जाएगा.

बताया जा रहा है कि शादी के 16वें दिन देर रात परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे. इसी दौरान नवविवाहिता कथित रूप से घर में रखे 72 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के लाखों रुपए मूल्य के जेवरात लेकर घर से फरार हो गई. सुबह जब पति जितेन्द्र कुमार की नींद खुली तो पत्नी कमरे में नहीं मिली. इसके बाद घर और आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.

परिजनों ने जब घर की आलमारी और बक्सों की जांच की तो नकदी और गहने भी गायब मिले. इसके बाद दूल्हा पक्ष ने नवविवाहिता पर सुनियोजित तरीके से घर से कीमती सामान लेकर भागने का आरोप लगाया और गायघाट थाना में आवेदन दिया.

वहीं दूसरी ओर युवती के पिता ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए दूल्हा पक्ष पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हैं.

गायघाट थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन मिला है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. फिलहाल नवविवाहिता की तलाश जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *