बिहार के भागलपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा सह महिला मंडल कारा में शुक्रवार तड़के प्रशासन ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई का नेतृत्व खुद जिला दंडाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने किया।
अचानक हुई इस छापेमारी से जेल परिसर में हड़कंप मच गया। टीम में नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, जिला गोपनीय शाखा के प्रभारी सुधीर कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, डीसीएलआर अपेक्षा मोदी, नगर पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
छापेमारी के दौरान जेल के एक-एक सेल और बैरक की गहन तलाशी ली गई। सुरक्षा के मद्देनजर हर कोने की जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या आपत्तिजनक सामान की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। अधिकारियों ने बंदियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
हालांकि इस सघन तलाशी अभियान के दौरान कोई भी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई, जिससे जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली। बावजूद इसके अधिकारियों ने सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतने का निर्देश दिया।
प्रशासन का कहना है कि इस तरह की औचक छापेमारी आगे भी जारी रहेगी, ताकि जेल के अंदर अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत बनी रहे। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य जेल में किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है।
छापेमारी के बाद अधिकारियों ने जेल प्रबंधन को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की चूक न हो सके।
