बिहार के सहरसा जिले में चोरी की एक घटना ने अब नया मोड़ ले लिया है। यहां चोर ने पहले बंद घर का ताला तोड़कर हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ किया और जब CCTV में उसकी तस्वीर सामने आई, तो उसने चालाकी से समय लेकर पीड़ित को ही ठग दिया।

 

मामला सहरसा शहर के नया बाजार वार्ड नंबर-11 का है। पीड़ित संतोष कुमार ने सदर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 7 बजे जब वे अपने निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे, तो एक कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर कई जरूरी सामान गायब थे।

 

चोरी गए सामानों में पानी खींचने वाला मोटर, करीब 60 मीटर प्लास्टिक पाइप, बिजली के तार, होल्डर, स्विच, बोर्ड और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं। पीड़ित के अनुसार, इन सभी सामानों की कुल कीमत करीब 30 हजार रुपये है।

 

घटना के बाद जब आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, तो एक संदिग्ध युवक की तस्वीर सामने आई। पीड़ित ने उसकी पहचान पासवान टोला निवासी विनोद पासवान के रूप में की है। इसके बाद आरोपी को बुलाकर पूछताछ की गई।

 

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी गलती स्वीकारते हुए 2 दिनों के अंदर चोरी का पूरा सामान वापस लौटाने का वादा किया। इसी भरोसे में पीड़ित ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई और उसे मोहलत दे दी।

 

लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी आरोपी ने न तो सामान लौटाया और न ही कोई ठोस जवाब दिया। उल्टा, यह भी जानकारी सामने आई कि आरोपी का बेटा अलग-अलग जगहों पर चोरी के सामान को बेचने की कोशिश कर रहा है।

 

खुद को ठगा महसूस कर रहे संतोष कुमार आखिरकार सदर थाने पहुंचे और आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने व आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *