बिहार के सहरसा जिले से चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला सहरसा शहर के नया बाजार वार्ड नंबर-11 का है। यहां के निवासी संतोष कुमार ने सदर थाना में आवेदन देकर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है। पीड़ित ने बताया कि 16 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 7 बजे जब वे अपने निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। मकान के एक कमरे का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखे कई कीमती सामान गायब थे।

 

चोरी गए सामानों में पानी खींचने वाला मोटर, करीब 60 मीटर प्लास्टिक पाइप, बिजली के तार, होल्डर, स्विच और बोर्ड समेत अन्य घरेलू सामान शामिल हैं। पीड़ित के अनुसार, इन सभी सामानों की कुल कीमत लगभग 30 हजार रुपये आंकी गई है।

 

घटना के बाद जब आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, तो एक संदिग्ध युवक की तस्वीर सामने आई। पीड़ित ने उसकी पहचान पासवान टोला निवासी विनोद पासवान के रूप में की है। आरोप है कि वह चोरी के सामान को बेचने की फिराक में था।

 

पीड़ित का कहना है कि आरोपी को बुलाकर पूछताछ भी की गई थी, जिसमें उसने दो दिन के अंदर सामान लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई सामान वापस नहीं किया गया है। इतना ही नहीं, यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी का बेटा भी अलग-अलग जगहों पर चोरी के सामान को बेचने की कोशिश कर रहा है।

 

फिलहाल पीड़ित ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *