बिहार के बक्सर रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर एक यात्री ट्रेन में चढ़ने के दौरान संतुलन खो बैठा और प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच गिर गया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग सन्न रह गए, लेकिन एक अनजान यात्री की तत्परता और बहादुरी ने उसकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के 53 वर्षीय कामेश्वर पासवान 03293 पटना-नई दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन पकड़ने बक्सर स्टेशन पहुंचे थे। ट्रेन पहले से प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी। जैसे ही वे स्लीपर कोच में चढ़ने लगे, ट्रेन अचानक चल पड़ी। संतुलन बिगड़ने से वे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गए। ट्रेन धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही थी और स्थिति बेहद खतरनाक हो गई।
इसी दौरान पास खड़े एक यात्री ने बिना समय गंवाए कामेश्वर पासवान का हाथ कसकर पकड़ लिया। उसने उन्हें तब तक थामे रखा जब तक पूरी ट्रेन उनके ऊपर से गुजर नहीं गई। कामेश्वर प्लेटफॉर्म और पटरी के बीच की संकरी जगह में फंसे रहे, जिससे उनकी जान बच गई। ट्रेन गुजरने के बाद अन्य यात्रियों की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस घटना का वीडियो एक अन्य यात्री ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उस अनजान व्यक्ति की बहादुरी और सूझबूझ की जमकर सराहना कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मौके पर पहुंची और घायल यात्री को रेलवे अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। राहत की बात यह रही कि कामेश्वर पासवान को केवल पैरों में हल्की चोटें आईं।
आरपीएफ थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने कहा कि इस तरह की घटनाएं सभी के लिए सीख हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें। एक ट्रेन छूट जाने से कुछ नहीं होता, लेकिन जान चली जाए तो उसकी भरपाई संभव नहीं है। रेलवे ने यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
