शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पटना वीमेंस कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया को लेकर छात्राओं को बड़ी राहत मिली है। कॉलेज प्रशासन ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 मई कर दी है। इस फैसले से उन छात्राओं को खास फायदा मिलेगा, जो किसी कारणवश पहले निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं कर पाई थीं। अब इच्छुक अभ्यर्थी कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, इस सत्र में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीजी डिप्लोमा स्तर पर 30 से अधिक शैक्षणिक कार्यक्रमों में नामांकन लिया जाएगा। संस्थान में पारंपरिक के साथ-साथ आधुनिक और रोजगारोन्मुखी कोर्स भी उपलब्ध हैं, जिससे छात्राएं अपनी रुचि और करियर लक्ष्य के अनुसार विकल्प चुन सकती हैं।
स्नातक स्तर पर बीए, बीएससी, बीबीए, बीकॉम, बीएमसी (मास कम्युनिकेशन), अकाउंटिंग एंड फाइनेंस, प्रोफेशनल टैक्सेशन एंड ऑडिटिंग, इंग्लिश कम्युनिकेशन एंड मीडिया, फैशन डिजाइनिंग, डेटा साइंस एंड एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग जैसे कोर्स शामिल हैं। इसके अलावा क्लिनिकल न्यूट्रिशन एंड डाइटेटिक्स जैसे व्यावसायिक कोर्स भी उपलब्ध हैं।
वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर एमएससी में जूलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी, जबकि एमए में भूगोल, अंग्रेजी, एप्लाइड साइकोलॉजी, सोशल वर्क, राजनीति विज्ञान, गृह विज्ञान, अर्थशास्त्र और इतिहास जैसे विषयों में दाखिला लिया जा सकता है। इसके साथ ही पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों में एडवरटाइजिंग एंड मीडिया मैनेजमेंट, जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, फैशन डिजाइनिंग और कंप्यूटर एप्लिकेशन जैसे कोर्स भी संचालित किए जाएंगे।
कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, आवेदन की तिथि बढ़ाने का निर्णय छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। आईसीएसई बोर्ड का रिजल्ट हाल ही में जारी हुआ है, जबकि सीबीएसई 12वीं का परिणाम अभी आना बाकी है। ऐसे में अधिक से अधिक छात्राओं को अवसर देने के लिए यह कदम उठाया गया है।
कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी भी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।
