बिहार के सिवान जिले में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब रघुनाथपुर से राजद विधायक ओसामा साहब के आवास पर पुलिस ने अचानक छापेमारी कर दी। यह कार्रवाई शहर के चर्चित नया किला इलाके में की गई, जो कभी पूर्व सांसद मोहम्मद शाहबुद्दीन का भी निवास रहा है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी और इलाके की घेराबंदी से आसपास के लोगों में दहशत और जिज्ञासा दोनों का माहौल देखने को मिला।

सुबह-सुबह कई पुलिस गाड़ियां नया किला पहुंचीं और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। किसी भी व्यक्ति के आने-जाने पर कड़ी निगरानी रखी गई। इस छापेमारी का नेतृत्व सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार और सिवान के पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा कर रहे थे। उनके साथ विभिन्न थानों की पुलिस, विशेष बल और तकनीकी टीम भी मौजूद रही।

पुलिस ने घर के अंदर और आसपास के हिस्सों की गहन तलाशी ली। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की गई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। छापेमारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पूरे घटनाक्रम को देखने लगे।

जानकारी के अनुसार, विधायक ओसामा शहाब के खिलाफ पिछले एक महीने में दो अलग-अलग थानों में मामले दर्ज किए गए हैं। पहला मामला एम. नगर हसनपुरा थाना क्षेत्र में चंदन सिंह द्वारा दर्ज कराया गया है, जिसमें विधायक पर जान से मारने की साजिश रचने का आरोप है। वहीं दूसरा मामला महादेवा थाना क्षेत्र का है, जहां एक डॉक्टर दंपति ने जमीन पर जबरन कब्जा और रंगदारी का आरोप लगाया है।

डीआईजी नीलेश कुमार के अनुसार, महादेवा थाने में दर्ज मामले में कोर्ट से वारंट लेने के बाद यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने विधायक के दो ठिकानों पर छापेमारी की है और जांच जारी है।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। फिलहाल राजद की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *