बिहार के गोपालगंज जिले से एक विवादित मामला सामने आया है, जिसमें मोकामा के चर्चित विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार विवाद उनके एक कार्यक्रम के दौरान समर्थकों द्वारा खुलेआम हथियार लहराने को लेकर है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई है।
जानकारी के अनुसार, विधायक अनंत सिंह मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यह कार्यक्रम पंचायत मुखिया गुड्डू राय के बेटे के उपनयन संस्कार का था। जैसे ही उनका काफिला गांव पहुंचा, समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और उनका भव्य स्वागत किया गया।
हालांकि, इसी दौरान का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ युवक एक कमरे में भोजपुरी गानों पर नाचते हुए हाथों में हथियार लहराते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया है। हथुआ के एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ है, जिसमें कुछ युवक हथियार लहराते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह जांच की जा रही है कि वीडियो कहां और कब का है, और इसकी सत्यता की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मीरगंज थाना पुलिस वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की गहन जांच जारी है, और प्रशासन इस घटना को लेकर सतर्क नजर आ रहा है।
