कोलकाता से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने शुरुआती दौर में मजबूत बढ़त बना ली है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कग्रेस(टीएमसी) पीछे चलती दिख रही है। इन रुझानों के बीच मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने गंभीर आरोप लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं।
भवानीपुर सीट से उम्मीदवार ममता बनर्जी ने अपने बयान में कहा कि कई जगहों पर मतगणना को जानबूझकर रोका जा रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और काउंटिंग एजेंट्स से अपील की कि वे किसी भी स्थिति में काउंटिंग सेंटर न छोड़ें। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बीजेपी की रणनीति का हिस्सा है, जिसमें पहले उन्हें आगे दिखाया जाता है और बाद में स्थिति बदली जाती है।
ममता बनर्जी ने यह भी दावा किया कि कल्याणी समेत कुछ स्थानों पर ऐसी मशीनें मिली हैं, जिनमें आंकड़ों का मिलान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों का इस्तेमाल कर टीएमसी कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है और निष्पक्ष माहौल को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है।
अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने भरोसा जताया कि अभी केवल शुरुआती राउंड की गिनती हुई है और अंतिम परिणाम आने में समय लगेगा। उन्होंने कहा कि 14 से 18 राउंड तक काउंटिंग चलेगी और अंततः टीएमसी ही जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निराश न होने और डटे रहने की अपील की।
वहीं, चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक दोपहर 1:25 बजे तक बीजेपी 189 सीटों पर आगे चल रही थी, जबकि टीएमसी 95 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी। अन्य दलों के उम्मीदवार पांच सीटों पर आगे बताए गए हैं। रुझानों के बीच सियासी माहौल काफी गरम हो गया है और सभी की नजरें अब अंतिम नतीजों पर टिकी हैं।
