जामताड़ा: जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत बागडेहरी थाना क्षेत्र के मुड़ाबेड़िया गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब दुमका एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम अचानक गांव पहुंची। एसीबी टीम के पहुंचते ही पूरे इलाके में छापेमारी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
जानकारी के अनुसार, दुमका से आई एसीबी की टीम ने बागडेहरी थाना में पदस्थापित चौकीदार शरद गोप उर्फ एनका के मुड़ाबेड़िया स्थित आवास पर छापेमारी कर जांच की। बताया जा रहा है कि चौकीदार के खिलाफ पूर्व में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम जांच के लिए उसके घर पहुंची।
एक इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने चौकीदार के आवास पर घर, जमीन-जायदाद और अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की। जांच के दौरान टीम ने किन-किन बिंदुओं पर जानकारी जुटाई और क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, शरद गोप के खिलाफ काफी पहले शिकायत की गई थी। लंबे समय बाद एसीबी की टीम के गांव पहुंचने से लोगों में इस कार्रवाई को लेकर उत्सुकता बढ़ गई। गांव की चौपाल से लेकर आसपास की दुकानों तक दिनभर एसीबी की छापेमारी की चर्चा होती रही।
इधर, बागडेहरी थाना प्रभारी किशन कुमार ने भी चौकीदार के घर एसीबी टीम द्वारा जांच किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह मामला एसीबी की जांच से जुड़ा है और थाना स्तर पर इससे संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है।
फिलहाल एसीबी की जांच जारी है। विभाग की जांच पूरी होने और आधिकारिक रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों की स्थिति क्या है और आगे क्या कार्रवाई की जाती है।







