जामताड़ा। जिले में अवैध लकड़ी की तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नाला वन विभाग की टीम ने गश्ती के दौरान नाला-अमलाचातर मुख्य मार्ग पर इंदुरहीड मोड़ के पास बिना निबंधन संख्या वाले एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। वाहन की जांच करने पर उसमें अवैध रूप से लकड़ी लदी मिली। वन विभाग के अनुसार जब्त लकड़ी की कुल मात्रा 2.0364 घनमीटर है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम वन विभाग की टीम नाला-अमलाचातर मुख्य मार्ग पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान इंदुरहीड मोड़ के समीप एक सफेद रंग का पिकअप वाहन संदिग्ध स्थिति में दिखाई दिया। वनकर्मियों ने वाहन को रोककर उसकी जांच की। जांच के दौरान पिकअप में पीपल और चिलबिल प्रजाति की तीन बोटा लकड़ी लदी हुई पाई गई।
वन विभाग की टीम ने जब वाहन चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध कागजात मांगे तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने लकड़ी के अवैध परिवहन की आशंका को देखते हुए नियमानुसार पिकअप वाहन और उसमें लदी लकड़ी को जब्त कर लिया।
बताया गया कि कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। वन विभाग की टीम अब फरार लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जब्त लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने अवैध लकड़ी के परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।
संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा






