जामताड़ा। शहर के कायस्थपाड़ा स्थित राउत पाड़ा में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मेरा समिति के तत्वावधान में भगवान श्री गणेश की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। गणपति महोत्सव को लेकर पूरे पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पूजा को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोग पंडाल पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन कर रहे हैं और सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
समिति के सदस्य सचिन राउत ने बताया कि कायस्थपाड़ा में गणपति पूजा की शुरुआत वर्ष 1979 में मोहल्ले के राउत परिवार के सदस्यों द्वारा की गई थी। उस समय शुरू हुई यह परंपरा आज 47 वर्ष बाद भी लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष समिति के सदस्यों द्वारा पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ गणपति महोत्सव का आयोजन किया जाता है।
सचिन राउत ने बताया कि इस वर्ष भी गणपति महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। पंडाल को आकर्षक तरीके से सजाया गया है और पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है।
वहीं समिति के सदस्य प्रदीप राउत ने जामताड़ावासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कायस्थपाड़ा में पिछले 47 वर्षों से लगातार गणपति बप्पा की पूजा होती आ रही है। यह आयोजन अब मोहल्ले की धार्मिक आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।
प्रदीप राउत ने कहा कि इस वर्ष भी पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ गणपति महोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने भगवान श्री गणेश से जामताड़ा जिले के सभी लोगों के सुख, समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
गणेश महोत्सव को लेकर कायस्थपाड़ा में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। पूजा समिति के सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
संवाददाता:- संतोष कुमार, जामताड़ा





