
सहरसा। जिले में एक हिंदू युवती ने एक मुस्लिम युवक पर कथित तौर पर पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने और शादी का भरोसा देकर बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि जब युवक उसके संपर्क में आया था, तब उसने अपना नाम ‘गुड्डू’ बताया था। उस समय युवती को युवक के मुस्लिम होने की जानकारी नहीं थी।
युवती के अनुसार, कुछ समय बाद उसे युवक की वास्तविक पहचान की जानकारी हुई। इसके बावजूद युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिया। आरोप है कि बाद में युवक ने शादी के लिए धर्म परिवर्तन की बात कही। युवती का कहना है कि उसने धर्म परिवर्तन करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद युवक ने शादी से पीछे हटना शुरू कर दिया।
युवती का आरोप है कि अब युवक किसी दूसरी लड़की से शादी करने की तैयारी कर रहा है। जब उसे इस बात की जानकारी मिली तो उसने मामले में कार्रवाई की मांग शुरू की। युवती का कहना है कि उसने पहले महिला थाना में आवेदन देकर शिकायत की थी, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर उसने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार लगाई।
युवती के मुताबिक, उसने एसपी और डीआईजी से भी शिकायत की, जिसके बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। हालांकि, युवती का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इसी को लेकर वह न्याय की मांग कर रही है।
इसी मामले में ज्योति विवेकानंद संस्थान की संस्थापिका ज्योति मिश्रा और बजरंग दल के कुछ सदस्य युवती के साथ महिला थाना पहुंचे। ज्योति मिश्रा ने मामले को ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए युवती को न्याय दिलाने और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं, महिला थाना प्रभारी ने युवती और उसके साथ पहुंचे लोगों को मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की पूरी सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।





