
भागलपुर। आगामी कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव को लेकर जन सुराज ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर शुक्रवार को भागलपुर पहुंचे। जीरो माइल स्थित सरोज वाटिका मैरिज गार्डन (हैप्पी वैली स्कूल) में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें भागलपुर समेत कई जिलों के पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में भागलपुर, नवगछिया, बांका, जमुई, मुंगेर, लखीसराय और शेखपुरा के संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान आगामी MLC चुनाव की तैयारियों, संभावित प्रत्याशियों के चयन और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशांत किशोर ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की। साथ ही मतदाताओं के बीच संवाद बढ़ाने, संगठन को और मजबूत करने तथा चुनाव अभियान को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बेहतर समन्वय के साथ जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
जन सुराज की ओर से बताया गया कि पार्टी आगामी MLC चुनाव में सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। प्रत्याशियों के चयन को लेकर पार्टी नेतृत्व की ओर से सभी निर्वाचन क्षेत्रों में पदाधिकारियों के साथ बैठक की जा रही है। इससे पहले सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, चंपारण और पूर्णिया में भी चुनावी तैयारियों को लेकर बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।
भागलपुर में हुई बैठक को सभी निर्वाचन क्षेत्रों में चल रही तैयारियों के क्रम की आखिरी बैठक बताया गया। अब जल्द ही पार्टी की ओर से उम्मीदवारों के नाम की घोषणा किए जाने की संभावना है।
बैठक में प्रदेश महासचिव अरविंद साह, जिला अध्यक्ष सुशील सिंह, जिला महामंत्री मो. साबिर, जोनल मीडिया प्रभारी बाबुल विवेक, राकेश यादव, हर्षप्रीत सिंह, सुधांशु यादव, वंदना झा, सुजाता वैद्य, इंतसार आलम और सिकंदर पासवान सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संवाददाता। रजनीश कुमार





