धनबाद। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर 1 सितंबर 2026 को LIC गेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को बीमा कर्मचारी संघ, हजारीबाग मंडल के अध्यक्ष हेमंत मिश्रा ने संबोधित किया। उन्होंने LIC की सात दशक लंबी यात्रा को देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति से जुड़ी सफलता की कहानी बताया।
हेमंत मिश्रा ने कहा कि 1 सितंबर 2026 को LIC ने देश की सेवा के 70 वर्ष पूरे कर 71वें वर्ष में प्रवेश किया है। वर्ष 1956 में लगाए गए एक छोटे पौधे से शुरू हुई LIC की यात्रा आज वित्तीय क्षेत्र में विशाल बरगद के पेड़ के रूप में विकसित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सात दशकों में LIC ने लाखों भारतीयों को जीवन बीमा सुरक्षा और भरोसा प्रदान किया है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में LIC की कुल संपत्ति 59 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। देश के विकास के लिए किए गए 55 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कुल निवेश में करीब 40 लाख करोड़ रुपये केंद्र और राज्य सरकारों की प्रतिभूतियों, आवास, सिंचाई, सड़क तथा अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में लगाए गए हैं।
मिश्रा ने कहा कि LIC केवल बीमा क्षेत्र की मार्केट लीडर ही नहीं, बल्कि भारतीय इंश्योरेंस सेक्टर में एक महत्वपूर्ण ‘मार्केट मेकर’ के रूप में भी अपनी भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि पॉलिसीधारकों के लिए 59,726 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बोनस घोषित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 5.2 प्रतिशत अधिक है।
दावा निपटान को लेकर उन्होंने कहा कि LIC करीब 99 प्रतिशत दावों का निपटारा करती है। पिछले वित्तीय वर्ष में निगम ने 253.91 लाख दावों का भुगतान किया। वहीं LIC का सॉल्वेंसी रेश्यो 2.35 गुना बताया गया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ ने LIC की सुरक्षा और मजबूती के प्रति अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता दोहराई। प्रेस वार्ता में संगठन सचिव अमित कुमार, सहायक सचिव सुबीर कुमार राम सहित राकेश कुमार, राहुल प्रसाद, संजय पाठक, रबींद्र दुबे, आशीष रंजन, अभिषेक कुमार, बासु बहादुर, जोगेश्वर राम, चंदन मैत्रा, राजीव साधु, अर्णब सिंह और रोहित बर्मन मौजूद रहे।







