हैदराबाद: पॉपुलर रैपर और सिंगर बादशाह के फैंस के लिए चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शादी के महज पांच महीने बाद बादशाह और ईशा रिखी ने एक-दूसरे से अलग होने का फैसला कर लिया है। दोनों ने आपसी सहमति से अपने रिश्ते को खत्म करने का ऐलान किया है। बीती रात बादशाह और ईशा रिखी ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक जैसा बयान शेयर कर सेपरेशन की जानकारी दी।
अपने बयान में दोनों ने कहा कि यह फैसला आपसी सहमति से लिया गया है। साथ ही उन्होंने लोगों से इस मुश्किल समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की। दोनों ने यह भी स्पष्ट किया कि रिश्ते को लेकर यह उनका पहला और आखिरी सार्वजनिक बयान है। ऐसे में उन्होंने लोगों से आगे किसी तरह के कयास नहीं लगाने की गुजारिश की है।
शादी के बाद से ही चल रही थीं अलगाव की खबरें
बादशाह और ईशा रिखी की शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के रिश्ते में अनबन और अलगाव की खबरें सोशल मीडिया पर सामने आने लगी थीं। हालांकि, उस वक्त दोनों की ओर से इन खबरों पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। अब दोनों के सेपरेशन के ऐलान के बाद इन चर्चाओं पर विराम लग गया है।
सोशल मीडिया पर फैंस के अलग-अलग रिएक्शन
बादशाह और ईशा रिखी के अलग होने की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई फैंस इस खबर से हैरान नजर आए। कुछ यूजर्स ने कम समय में शादी टूटने को लेकर सवाल उठाए, तो कुछ ने सेलिब्रिटी रिश्तों को लेकर अपनी राय जाहिर की। वहीं, कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने बिना किसी पुष्टि के बादशाह और पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर की दोस्ती को भी इस मामले से जोड़ने की कोशिश की है। हालांकि, तलाक की वजह को लेकर दोनों की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
26 मार्च को हुई थी शादी
बादशाह और ईशा रिखी ने इसी साल 26 मार्च को परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में एक निजी समारोह में शादी की थी। दोनों की शादी बेहद इंटीमेट रखी गई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद अब दोनों के रास्ते अलग हो गए हैं।






