भागलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ऑटो की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम



भागलपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान टीएनबी कॉलेजिएट के समीप रहने वाले राजीव पासवान के पुत्र अस्मित कुमार के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अस्मित कुमार किसी सामान की खरीदारी के लिए घर से निकला था। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित सीएनजी ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

घटना से नाराज लोगों ने ऑटो चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ऑटो को भी जब्त कर लिया है।

घायल अस्मित को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने रविवार को नया बाजार चौक पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं देगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

सड़क जाम के कारण इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और यातायात बहाल कराने की प्रक्रिया शुरू की।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • Related Posts

    भागलपुर में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत; गोतिया पक्ष पर लाठी-डंडे से हमला करने का आरोप

    भागलपुर। खरीक थाना क्षेत्र के तेलघी गांव में जमीन विवाद को लेकर एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अति नंदन चौधरी के…

    जामताड़ा के जिला स्कूल में सड़क सुरक्षा पर क्विज प्रतियोगिता, ग्रुप सी ने मारी बाजी

    जामताड़ा। जिला स्कूल (स्कूल ऑफ एक्सीलेंस) में जिला परिवहन विभाग और वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *