सहरसा में दर्दनाक हादसा: दवा लेने निकली बुजुर्ग महिला को ATM वाहन ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत


सहरसा। जिले के बिहरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला अपनी खराब तबीयत के कारण दवा लेने घर से निकली थीं, तभी सहरसा–सुपौल मुख्य मार्ग पर एक एटीएम कैश वैन की चपेट में आ गईं। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान बिहरा थाना क्षेत्र निवासी सीताराम पंडित की 60 वर्षीय पत्नी सीता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। बताया जाता है कि सीता देवी अपने पीछे तीन पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।

मृतका की पुत्रवधू सुनीना देवी ने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे सीता देवी की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उन्हें लगातार खांसी आ रही थी, जिसके कारण वह घर के पास स्थित मेडिकल दुकान से दवा लेने जा रही थीं। इसी दौरान सहरसा–सुपौल मुख्य मार्ग पर तेज गति से जा रहे एटीएम में नकदी पहुंचाने वाले वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई। बिहरा थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान एवं चालक के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

बिहरा थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग महिला की मौत हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के संचालन पर नियंत्रण और यातायात नियमों के सख्ती से पालन की मांग की है।

  • Related Posts

    रास्ते में बंधे जानवर को हटाने की बात पर विवाद, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप

    भागलपुर। मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र में रास्ते पर बंधे जानवर को हटाने की बात कहना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि रास्ते से जानवर हटाने को लेकर शुरू…

    नाथनगर में चोरी का खुलासा, जलाए हुए सोने समेत चोरी के सामान के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

    भागलपुर। नाथनगर थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंटी कुमार और संतोष कुमार…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *